पुष्कर में विदेशी पर्यटकों पर गिरी गाज! वीजा तोड़कर 'संदिग्ध' पोस्टर चिपकाए, CID ने दिए देश छोड़ने के आदेश
राजस्थान के अजमेर जिले के पवित्र तीर्थ नगरी पुष्कर में एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां टूरिस्ट वीजा पर आए दो ब्रिटिश नागरिकों को तत्काल देश छोड़ने का आदेश दिया गया है। इन विदेशी नागरिकों पर वीजा शर्तों का उल्लंघन करते हुए राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और विदेशी पंजीकरण अधिकारी राजेश मीणा के अनुसार, यूके के नागरिक लुईस गैब्रियल और उनकी साथी डी अनुएशी एम्मा क्रिस्टीन 16 दिसंबर से पुष्कर के एक गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे।
जांच में पता चला कि 21 जनवरी को पुष्कर में फिलिस्तीन समर्थित और इजरायल विरोधी छोटे पोस्टर/स्टिकर लगाए गए थे, जिसकी सूचना मिलने पर सीआईडी (विशेष शाखा) ने तुरंत कार्रवाई की। जांच के बाद सामने आया कि ये स्टीकर इन्हीं ब्रिटिश नागरिकों द्वारा चिपकाए गए थे। एएसपी मीणा ने स्पष्ट किया कि टूरिस्ट वीजा पर किसी भी देश के पक्ष या विपक्ष में राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होना वीजा शर्तों का सीधा उल्लंघन है। इस गंभीर उल्लंघन के मद्देनजर, इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के तहत दोनों पर कार्रवाई करते हुए 2 फरवरी को 'लीव इंडिया नोटिस' जारी कर उन्हें देश छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी वीजा नियमों का उल्लंघन करने वाले विदेशियों पर कड़ी निगरानी और डिपोर्टेशन की कार्रवाई जारी रहेगी।
#पुष्कर#विदेशी पर्यटक#वीजा उल्लंघन#सीआईडी कार्रवाई#ब्रिटिश नागरिक
