अजमेर: 'स्पा सेंटर' पर पुलिस की रेड, 4 युवतियां और एक युवक हिरासत में, जानें क्या निकला सच
राजस्थान के अजमेर में सदर कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर रोड, आगरा गेट के पास एक इमारत में चल रहे संदिग्ध स्पा सेंटर पर छापा मारा। पुलिस को सूचना मिली थी कि यहां संदिग्ध गतिविधियां संचालित हो रही हैं, जिसके बाद थानाप्रभारी अनिल देव कल्ला के नेतृत्व में टीम ने दबिश दी। मौके पर पुलिस को एक स्थानीय युवक और चार युवतियां मिलीं। हालांकि, गहन पड़ताल के बाद पुलिस को वहां स्पा सेंटर जैसा कोई संचालन नहीं मिला। पुलिस ने चारों युवतियों से थाने बुलाकर पूछताछ की, जिन्होंने बताया कि वे एक इवेंट में पुष्पवर्षा का काम कर रही थीं और युवक सुशील उर्फ दीपक शर्मा ने उन्हें काम के लिए बुलाया था। पूछताछ के बाद पुलिस ने सभी युवतियों को छोड़ दिया। वहीं, युवक दीपक शर्मा नशे की हालत में पाया गया, जिसका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी है और उसे पहले भी स्पा सेंटर संचालन के मामलों में गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस ने दीपक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है और मंगलवार को उसे अदालत में पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपी पर लगातार निगरानी रख रही थी।
